संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रॉपर्टी खरीदने के लिए घर से निकले ईंट भट्ठा ठेकेदार 64 वर्षीय इरफान की हत्या कर शव गांव जयधर के खेत में फेंक दिया गया। बुधवार सुबह जयधर-माजरी मार्ग पर श्मशान घाट के पास पॉपुलर के खेत में उनका लहूलुहान शव मिला। सिर और चेहरे पर चोट के गहरे निशान होने से आशंका है कि देर रात हमला कर उनकी हत्या की गई।
इरफान विजय कॉलोनी के रहने वाले थे और पाबनी रोड स्थित ईंट भट्ठे पर ठेकेदारी के साथ मिट्टी सप्लाई का काम करते थे। उनके पास ईंटें बनाने की कई मशीनें भी लगी हुई थीं। पुलिस ने गांव जयधर के सरपंच प्रतिनिधि मजीद खान की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच प्रतिनिधि मजीद खान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे राज शर्मा के पॉपुलर के खेत में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तो शव औंधे मुंह पड़ा था। सिर से खून बह रहा था और चेहरा खून से लथपथ था। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान विजय कॉलोनी निवासी इरफान के रूप में हुई। वह पाबनी रोड स्थित ईंट भट्ठा ठेकेदारी का काम करता था। वह ईंट भट्ठे पर मिट्टी सप्लाई करते थे। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
-
जेब में मिले 50 हजार, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
इरफान की जेब से 50 हजार रुपये मिलने के कारण लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका स्पष्ट नहीं है। पुलिस इरफान के प्रॉपर्टी खरीदने के सिलसिले में घर से निकलने, उसके संपर्कों और घटनास्थल तक पहुंचने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हत्यारोपियों का पता नहीं चल पाया है।
-
साथी के साथ पांवटा साहिब में प्लॉट देखने गए थे
इरफान मंगलवार दोपहर अपने साथी राकेश के साथ पांवटा साहिब में प्लॉट देखने गए थे। दोनों प्लॉट देखने के बाद लौट रहे थे। राकेश के अनुसार इरफान को किसी से 1.5 लाख रुपये लेने थे, जिस कारण इरफान को जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर तिकोनी चौक पर उतार दिया था। इसके बाद इरफान के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। बुधवार सुबह उनका शव गांव जयधर के खेत में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार दिन पहले इरफान का हुआ था झगड़ा
ठेकेदार इरफान की हत्या के मामले में उनके बेटे गुलजार ने बताया कि इरफान का चार दिन पहले जगाधरी निवासी व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही अन्य संभावित कारणों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, 30 लाख रुपये लेकर निकले थे
इरफान के बेटे गुलजार ने बताया कि उनके पिता घर से करीब 30 लाख रुपये लेकर निकले थे। परिजनों के अनुसार, इरफान प्रॉपर्टी खरीदने के सिलसिले में गया था। गांव जयधर के खेत में उनका शव मिलने के बाद से परिवार हत्या के पीछे की वजह को लेकर चिंतित है। पुलिस नकदी से जुड़े पहलू सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
इरफ़ान का फाइल फोटो
इरफ़ान का फाइल फोटो