संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की 59वीं राज्यस्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत होने वाली तीन खेल स्पर्धाओं पर रोक लगा दी गई है। विभाग की ओर से दोबारा शेड्यूल दिया जाएगा। जिले को भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली थी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार नूंह-मेवात में 18 सितंबर तक अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़कों की खो-खो प्रतियोगिता करवाई जानी थी। अंबाला में जिम्नास्टिक की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 प्रतियोगिताएं प्रस्तावित थीं।
वहीं, यमुनानगर को अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग के लड़कों की भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली थी। परंतु अब विभाग ने यह तीन दिवसीय प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी है। यह प्रतियोगिता तेजली खेल परिसर में करवाई जानी थी। वहीं, प्रतियोगिता रद्द होने से खिलाड़ियों में भारी निराशा है। चूंकि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ी काफी दिनों से अभ्यास कर रहे थे। परंतु अब उन्हें इसका और इंतजार करना पड़ेगा।
जिला सहायक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोपाल सिंह ने बताया कि निदेशालय की ओर से प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी हैं। इसकी जानकारी खिलाड़ियों व कोच भी दी जा चुकी है। प्रतियोगिताओं का शेड्यूल दोबारा जारी किया जाएगा। निदेशालय की ओर से प्रतियोगिताएं स्थगित करने का कारण स्पष्ट नहीं किया है।