साढौरा। गांव कप्तान माजरी के 78 वर्षीय पूर्व सैनिक मामराज की जेब से 22 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल सेल की टीम ने पुराना हमीदा निवासी अभिषेक उर्फ मोनी व उस्मान को पकड़ा है। दोनों आरोपियों से चोरी किए गए रुपयों में से 14 हजार की रिकवरी भी की गई है।
साढौरा थाना पुलिस को दी शिकायत में मामराज ने बताया था कि शुक्रवार की सुबह वह इंडियन बैंक से 25 हजार रुपये निकलवाकर ले जा रहा था। इसके बाद एटीएम के माध्यम से साढ़े सात हजार रुपये निकलवाए। इनमें से वह मनजीत सिंह को किराना के साढ़े सात हजार रुपये देकर वापस लौट रहा था। जब उसने घर जाकर देखा तो कुर्ते की जेब से 22 हजार रुपये गायब थे। जबकि दूसरी जेब में तीन हजार रुपये बच गए थे। जिस पर वह दोबारा अपने बेटे कुलवंत सिंह के साथ किराना की दुकान पर पहुंचा। आसपास के कैमरे खंगालने पर पता चला कि दो युवकों ने यह वारदात की है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। संवाद