बिलासपुर। बिलासपुर के स्कूल में परीक्षा देने आई नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा की मां ने गांव बिहटा के युवक पर शादी का झांसा देकर अगवा करने के आरोप में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सेक्टर-17 थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी बिलासपुर क्षेत्र के निजी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। बेटी की 12वीं की परीक्षा चल रही है। शुक्रवार सुबह बेटी को परीक्षा के लिए स्कूल छोड़ा था। दोपहर तीन बजे परीक्षा खत्म होने के समय जब बेटी को स्कूल लेने गई तो वह बाहर नहीं आई। स्कूल में पूछताछ करने पर पता चला कि बेटी ने परीक्षा नहीं दी। उन्हें शक है कि गांव बिहटा का युवक आदिल शादी का झांसा देकर बेटी को अगवा कर ले गया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर युवक पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।