भाटिया नगर में होली पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इससे पहले होली खेलकर दो कारों में सवार होकर घर लौट रहे ईस्ट भाटिया नगर निवासी मनोज कुमार व उसके दोस्तों पर सिटी सेंटर के पास कुछ युवकों ने रॉड व डंडों से हमला कर दिया। यहां से उन्होंने भाग कर जान बचाई। इसके बाद आरोपी युवकों ने उसके घर में होली खेल रहे उसके परिजनों पर ईंटें बरसाई। मनोज व उसके दोस्त कार में सवार होकर जब घर पहुंचे तो आरोपियों ने उनपर फायरिंग कर दी। इसमें मनोज के दो दोस्तों को गोली लगी। जबकि एक दोस्त को रॉड व डंडों से पीट बुरी तरह घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने दस लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अन्य पर हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्जकर लिया है। बताया जा रहा है कि अवैध शराब बेचने की शिकायत करने पर तीन साल से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों में पहले भी कई बार झगड़े हो चुके है।
ईस्ट भाटिया नगर निवासी मनोज कुमार उर्फ शंटी ने बताया कि वह जागधौली निवासी संजू के साथ शराब की ठेकेदारी करता है। मंगलवार को वह अपने दोस्त उन्हेड़ी निवासी सुमित, इंद्रा गार्डन निवासी अनिल, नंदा कॉलोनी निवासी जसबीर उर्फ मोनू, गांधी नगर निवासी पीयूष व अन्य दोस्तों के साथ फोरच्यूनर व पोलो कारों में सवार होकर अपने दोस्त् सुढैल निवासी सचिन के घर होली खेलने गए थे। वहां से वे सभी दोनों कारों में सवार होकर तीर्थ नगर निवासी केशला उर्फ नानू को छोड़ने उसके घर गए। नानू को छोड़कर जब वे वापस घर लौट रहे थे तो रास्ते में सिटी सेंटर के पास सड़क पर चुन्ना भट्ठी निवासी रमन वाल्मिकी, उसका भाई जानू, प्रिंस, विश्वकर्मा मौहल्ला निवासी विशाल उर्फ गुबारा, बॉबी, मन्नी शर्मा, आकाश श्रीवास्तव, अमित, सन्नी मुर्गी, संदीप मल्ही व 10-15 अन्य युवक खड़े थे। आरोप है कि जब वे उनके नजदीक से निकलने लगे तो आरोपी जानू ने उन्हें गाली निकाली। उन्होंने कार रोकी। कुछ देर रुकने के बाद जब वे चलने लगे आरोपी जानू, बॉबी व अन्य ने उनकी पोलो कार के पीछे ईंटें मारी। जिससे कार का पिछला शीशा व दाई तरफी की पिछली लाइट तोड़ दी। आरोपियों के हाथों में हथियार देख हम वहां से भाग कर जगाधरी अनाजमंडी में आ गए। इसके कुछ देर बाद ही उसकी मां राजेश देवी ने उन्हें फोन कर बताया कि कुछ लड़कों ने रॉड व डंडों से घर में घुसकर उनपर हमला कर रहे है। हमने अंदर से गेट बंद किया हुआ है। जिसके बाद वह अपने दोस्त पीयूष, जसबीर उर्फ मोनू, सचिन, सुमित व अनिल के साथ घर पहुंचा। उसने देखा कि आरोपी जानू व उसके साथ उनके घर पर ईंटें फेंक रहे है। तीन युवकों के हाथों में पिस्टल थी व कुछ युवकों के हाथों में रॉड, डंडे, हथोड़े व अन्य हथियार थे। जैसे ही वह घर के बाहर कार से उतरने लगा तो आरोपियों ने उसपर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली उसके नजदीक से होती हुई निकली और उसके साथ कार में सवार उसके दोस्त जसबीर उर्फ मोनू की बाई बाजू व कंधे में लगी। इसके बाद दूसरे युवक ने मस्कट (पिस्टल) से उसे जान से मारने की नीयत से उसपर फायर किया। लेकिन इसमें भी वह बाल बाल बच गया। आरोपियों ने बचने के लिए वे कार से नीचे उतरकर भागने लगे। उसी समय एक युवक ने पिस्टल से पीयूष के ऊपर फायर किया। जिसमें गोली पीयूष की कमर में बाई तरफ लगी। जिसमें वह घायल होकर नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके दोस्त सुढैल निवासी सचिन को पकड़कर उसपर डंडों व रॉड से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनकी कारों में भी तोड़फोड़ की। उसने व उसके दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर उसके पिता जसवंत व अन्य लोग गली में आ गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। भागते हुए आरोपियों ने उसके पिता पर भी ईंटों बरसाई। जिनमें से एक ईंट उसके पिता के मुंह पर लगी। जिसमें वे भी घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर जसबीर, पीयूष व सचिन पंडित की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी चुन्ना भट्ठी निवासी रमन वाल्मिकी, उसका भाई जानू, प्रिंस, विश्वकर्मा मौहल्ला निवासी विशाल उर्फ गुबारा, बॉबी, मन्नी शर्मा, आकाश श्रीवास्तव, अमित, सन्नी मुर्गी, संदीप मल्ही को नामजद करते हुए 10-15 अन्य युवकों पर हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अवैध रूप से शराब बेचते है। जिससे शराब ठेकेदार मनोज व अन्य को नुकसान हो रहा था। इसकी वर्ष 2017 में भी मनोज पक्ष की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई थी। जिसके बाद से दोनों पक्षों में विवाद चलता आ रहा है। इस बार भी इसी विवाद को लेकर झगड़ा होना बताया जा रहा है।
इस मामले को लेकर बुधवार को मनोज के परिजनों ने एसपी को शिकायत दी। शिकायत में मनोज के पिता जसवंत ने बताया कि मंगलवार को जब वे अपने घर में होली पर्व की खुशी में नाच रहे थे तो आरोपी रमन, उसका भाई जानू व अन्य आरोपी तलवार, पिस्टल, रॉड व डंडों के साथ उनके घर पर आकर हमला कर दिया और उनके घर के सामान व कारों को तोड़ डाला। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में दर्ज कराया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उनके घर के आसपास घूम रहे है और उन्हें धमकियां दे रहे है और उन्हें झूठें केस में फंसाने की धमकी दे रहे है।