संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर (यमुनानगर)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रविवार को रादौर में विजय संकल्प रैली में भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने मुख्यमंत्री से सवाल करने की घोषणा की थी। पुलिस ने रविवार सुबह सुभाष गुर्जर को उनके धौडंग स्थित निवास स्थान पर नजरबंद कर दिया। इस दौरान थाना सदर प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
सुभाष गुर्जर के नजरबंद होने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में किसान उनसे मिलने निवास स्थान पर पहुंचे। इस दौरान लगभग 60 से 70 पुलिस कर्मी उनके घर के बाहर तैनात मिले। पुलिस ने रैली के बाद सुभाष गुर्जर को उनके घर से बाहर जाने दिया। इस दौरान सुभाष गुर्जर ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि सरकार किसानों की आवाज दबाना चाहती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री किसान वर्ग से संबंधित है।
वह उनसे किसानों की समस्याओं व मांगों के संबंध में रैली के दौरान सवाल करना चाहते थे, लेकिन सरकार ने रविवार सुबह ही पुलिस बल मेरे घर पर तैनात कर मुझे नजरबंद कर दिया। लोकतंत्र में यह जनता की आवाज को दबाने के समान है। इसका खामियाजा सरकार को लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। यूनियन ने लोकसभा चुनाव के संबंध में जींद में बैठक बुलाई है, जिसमें सरकार के खिलाफ कड़े फैसले लिए जाएंगे।