संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सभी पदों से इस्तीफा देने वाले पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज को दिल्ली भाजपा हाईकमान ने बुलाया था। यहां उनकी बीजेपी के विधानसभा सह चुनाव प्रभारी बिप्लव देव से मुलाकात हुई। हालांकि इस दौरान दोनों के बीच शिष्टाचार बातचीत हुई। कर्णदेव ने बताया कि उन्होंने बिप्लव देव के सामने अपनी सारी बात रखी। तब उन्होंने उन्हें हाईकमान के समक्ष उनकी बात रखने का आश्वासन दिया है।
कांबोज ने बताया कि वे राजनीतिक व्यक्ति हैं, उन्हें पता है कुछ होगा या नहीं। यह वह अच्छे से जानते हैं। लेकिन 10 सितंबर को इंद्री के कांबोज पैलेस में वे समर्थकों के साथ बैठक करेंगे। अब अंतिम निर्णय वहीं से होगा। समर्थक व समाज के लोग जो कहेंगे, वे उसी आधार पर आगामी प्रक्रिया शुरू करेंगे।
कर्णदेव कांबोज भाजपा से इतने नाराज हैं कि उन्हें मनाने पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी से उन्होंने हाथ तक नहीं मिलाया था। सीएम के लौटने के बाद कर्णदेव ने कहा कि सीएम ने उनसे कहा है कि उन्हें नहीं पता कि उनका टिकट कैसे कट गया। तब उन्होंने तो पूर्व सीएम मनोहर लाल पर सारा षड़यंत्र रचने का आरोप लगाया।
कांबोज ने कहा कि उन्होंने लगातार पांच वर्ष तक रादौर विधानसभा व प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए कार्य किया। ओबीसी वर्ग को पार्टी के साथ जोड़ा। लेकिन पार्टी ने उनके कार्यों को नजरअंदाज कर एक ऐसे व्यक्ति को टिकट थमा दी, जिसने 2019 के विधानसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार को हरवाने का काम किया।