यमुनानगर। बाइक सवारों ने जम्मू कॉलोनी के नजदीक एक व्यक्ति से मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। इसी तरह जगाधरी में युवती से बाइक सवारों ने भी मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने दोनों केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में गांव ममीदी निवासी जीत राम ने बताया कि मुस्तफाबाद में रहने वाले उसके दामाद विजय कुमार ने चार-पांच दिन पहले एक मोबाइल उन्हें दिया था। मोबाइल में कुछ खराबी थी इसलिए उसे रिपेयर के लिए तीन दिन पहले जम्मू कॉलोनी में दुकान पर दिया था। रात करीब पौने आठ बजे वह दुकान से मोबाइल लेकर घर जा रहा था। तभी रास्ते में उसे दो बाइकों पर सवार पांच-छह लड़कों ने रोक लिया। बाइक सवारों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पास से मोबाइल छीन कर फरार हो गए।
एक अन्य मामले में मधु कॉलोनी चिट्टा मंदिर रोड निवासी ममता ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रक्षक विहार नाका के नजदीक कैपिटल अस्पताल में बतौर नर्सिंग स्टाफ काम करती है। शनिवार रात करीब पौने आठ बजे वह पैदल ही अस्पताल जा रही थी। तभी पीछे से बाइक पर दो युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।