प्रतापनगर। थाना प्रतापनगर के गांव कलेसर के पास जगाधरी-पांवटा हाईवे पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। सूचना पर पुलिस ने रात में शव को शवगृह में रखवा दिया, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
मृतक की पहचान गांव कडकोली निवासी 35 वर्षीय रविंद्र कुमार के तौर पर हुई। रविंद्र शादियों में तंदूर पर रोटियां बनाने का काम करता था। रविवार की रात वह यमुनानगर शहर में हुए शादी समारोह से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव कडकोली लौट रहा था। इस दौरान जब वह बाइक लेकर गांव कलेसर के पास पहुंचा तो उसकी बाइक को तेज रफ्तार डंपर चालक ने टक्कर मार दी। इसमें रविंद्र बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। रविंद्र को एंबुलेंस से पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रतापनगर प्रभारी नर सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।