संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जजगाधरी-बिलासपुर राज्य राजमार्ग पर शनिवार की रात कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गुलाब नगर निवासी शिवकुमार ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात वह जगाधरी में गुलाब नगर चौक पर खड़ा था। तभी एक बाइक सवार व्यक्ति जगाधरी से जडौदा गेट की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वह बाइक सवार गुलाब नगर चौक पर पहुंचा और सड़क पार करने लगा तो बिलासपुर की तरफ से आ रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने घायल की पहचान आहलूवाला गांव निवासी 58 वर्षीय सुरेश कुमार के तौर पर की। आरोपी कार चालक भीड़ का फायदा उठा कर वहां से भाग गया। सुरेश को निजी वाहन में सिविल अस्पताल जगाधरी ले जाया गया। वहां पर उपचार के दौरान सुरेश ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।