प्रतापनगर। व्यासपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर वीरवार को एक बाइक अचानक उछल गई। हादसे में बाइक सवार महिला और बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस दौरान मौजूद राहगीरों व आसपास के लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश निवासी इस्तखार परिवार के साथ बाइक से नालागढ़ हिमाचल प्रदेश जा रहा था। परिवार पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो बाइक स्पीड ब्रेकर पर अचानक उछल गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उस पर सवार महिला और बच्चा सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लोगों के अनुसार सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर लोक निर्माण विभाग की ओर से सफेद पट्टी नहीं करवाई गई है।
विज्ञापन
इसके अलावा वाहन चालकों को पहले से सावधान करने के लिए कोई चेतावनी संकेतक भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में दूर से आने वाले वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि ब्रेकर की पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण वाहन चालक अचानक गति कम करते हैं या संतुलन खो बैठते हैं। इससे यहां हादसे होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से स्पीड ब्रेकर पर जल्द सफेद पट्टी कराने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।
व्यासपुर-प्रतापनगर मार्ग पर जो भी स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, सभी पर सफेद पट्टी में संकेतक लगाए जाएंगे। जहां पर हादसा हुआ है वहां पर घटना की वजह क्या रही इसका पता करवा कर कमी को दूर किया जाएगा। - पुनीत मित्तल, एक्सईएन,पीडब्ल्यूडी।