संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। धौड़ंग गांव के पास एसके रोड पर शुक्रवार देर रात दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने यमुनानगर से रादौर लौट रहे युवक को रोककर करीब दो तोले सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक पर डंडे और लोहे के सुए से वार किया। वारदात के बाद बदमाश अपना हेलमेट, जूते और डंडा मौके पर छोड़कर भाग गए।
गांव बकाना निवासी साहिल अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रादौर में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने अरोड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को वह अपने दोस्त बलदेव के साथ बाइक से यमुनानगर सामान लेने गया था। रात करीब नौ बजे दोनों बाइक से रादौर लौट रहे थे। धौड़ंग स्थित एक निजी स्कूल के पास दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उन्हें जबरन रोक लिया। साहिल के अनुसार आरोपियों ने पहले डंडे से हमला किया और फिर उसके गले में पहनी करीब दो तोले की सोने की चेन छीन ली। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह का कहना है कि पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठा कर भाग चुके थे। मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों का सुराग लगाकर पकड़ा जाएगा।