संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खजूरी रोड स्थित यमुना धर्मकांटा पर हुई शादीपुर निवासी टीनू की हत्या के मामले में पुलिस ने रिमांड के दौरान हत्यारोपी पुराना हमीदा निवासी आर्यन उर्फ महताब से वारदात में प्रयुक्त डंडा व मृतक की बाइक बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आर्यन धर्मकांटा के पास ही लकड़ी की लोडिंग का कार्य करता था।
खाली होने पर वह धर्मकांटा पर आ जाता था और वहीं पड़ा रहता था। जिस वजह से उसकी टीनू से भी जान पहचान हो गई थी। हत्या वाली रात कांटा पर ही उसकी टीनू से बहस हो गई। आरोपी शराब के नशे में था। नशे में उसने टीनू पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी।
शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आर्यन अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के जिला बहराइच के गांव बलुई में चला गया था। आरोपी का गांव नेपाल सीमा के पास पड़ता है। आरोपी वहां से अपनी ससुराल नेपाल भागने की फिराक में था। इससे पहले पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। आरोपी से वारदात स्थल की निशानदेही कराई गई है। उससे वारदात में प्रयोग में डंडा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शादीपुर निवासी टीनू का भाई अमन यमुना धर्मकांटा पर काम करता है। अमन 14 अगस्त की रात को किसी काम से बाहर गया था तो उसने अपनी जगह टीनू को धर्मकांटा पर ड्यूटी करने भेज दिया था। 15 अगस्त की सुबह जब देर तक भी टीनू घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन उसकी तलाश में धर्म कांटा पर गए। वहां पर टीनू का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
मौके पर उनके पड़ोस के अन्य लोग व रिश्तेदार भी पहुंच गए। परिजनों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया। गुस्साए परिजनों ने सहारनपुर-खजूरी रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने परिजन को शांत कर जाम खुलवाया था।
पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी की जांच की तो सामने आया कि आर्यन टीनू की बाइक लेकर वहां से निकला है। जिसके बाद वह घर से भी लापता है। पुलिस ने मामले की जांच में सीआईए-टू की भी मदद ली। उसके बहराइच में छिपे होने का पता लगा और वहां से उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी आर्यन ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया।