संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में काम छोड़ कर धरने पर बैठे स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों को लेकर कर्मचारी दो फाड़ हो गए हैं। भारतीय मजदूर संघ में ठेका कर्मियों के धरने का विरोध किया।
वहीं ठेका कर्मचारियों ने मंगलवार को भी सिविल सर्जन कार्यालय पर अपना धरना जारी रखा। साथ ही उनका एक प्रतिनिधि मंडल कर्मचारी नेताओं के साथ सिविल सर्जन से बातचीत करने के लिए गया। जिला नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं की बैठक जिला महामंत्री सुमित ऋषि के नेतृत्व में हुई।
ऋषि ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सभी एचकेआरएनएल कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देकर उनका भविष्य उज्ज्वल कर दिया है। जिसके लिए सभी कर्मचारी सदा सरकार के आभारी रहेंगे। अस्पताल में गत दिनों स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण किया था। जिसमें सफाई को लेकर काफी खामियां पाई गई थी।
अस्पताल के 42 में से मात्र 17 स्वीपर ही अपनी पोस्ट पर कार्य कर रहे थे, जबकि अस्पताल को चलाने के लिए 50 स्वीपरों की आवश्यकता है। बाकी 15 कर्मचारी अपनी पोस्ट पर कार्य न करके चतुर्थ श्रेणी का कार्य कर रहे हैं, जबकि कौशल रोजगार में लगने से पहले इन्होंने अपनी पोस्ट खुद स्वीकार की थी। अब स्वीपर को अन्य कार्य से हटाकर उनके मूल पद पर काम करने के लिए कहा जा रहा है तो कर्मचारी सरकार विरोधी संगठनों के साथ बेवजह के मुद्दों को लेकर धरने पर बैठ गए।
सरकार के आदेशों को गंभीरता से नहीं माना जा रहा। भारतीय मजदूर संघ ने सरकार से निवेदन किया है कि अस्पताल में जल्द से जल्द स्वीपर पद पर नए कर्मचारी भेजे जाए या जो लोग धरने पर बैठे हुए हैं उनको काम पर लगाने के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अन्यथा जो शेष बचे 17 कर्मचारी अस्पताल में साफ सफाई कर रहे हैं वह भी धरने पर बैठ गए तो साफ सफाई का काम ठप हो जाएगा। मौके पर ब्लॉक यमुनानगर प्रधान गणेश दास, अरुण, मांगेराम, जसवंत, रामकुमार, सोनू, सुनीता, सीमा, केशव, शुभम, प्रदीप, जग्गी मौजूद रहे।