रादौर। भारतीय किसान यूनियन की ओर से बुधवार गांव बकाना जुब्बल, काजंनु, रादौरी, बुबका, बापौली, चमरौडी आदि गांवों का दौरा किया। इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि एक सितंबर को टूटे एसके रोड को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भारतीय किसान यूनियन बैनर तले सुबह 10 से 12 बजे तक रोड जाम किया जाएगा। हर रोज सड़क हादसे में लोगों की जान जा रही है। वहीं उन्होंने कहा कि यदि रादौर विधायक सड़क की स्वीकृति लेकर आए हैं तो लोगों के बीच आकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष का काम भाकियू कर रही है। हर मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन लड़ रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिले में कहीं भी बिजली विभाग की टीम किसानों के मीटर उतारने जाएगी तो उन्हें बंधक बनाया जाएगा। उन्होंने किसान, मजदूर, व्यापारी, दुकानदारों, कर्मचारियों से कहा कि वे वीरवार सुबह 10 बजे मंडी गेट पर पहुंचकर अपनी ताकत दिखाएं। इस दौरान जयपाल चमरौडी जिला संरक्षक, अशोक डांगी प्रधान रादौर, साहिल सेतिया नंबरदार उपाध्यक्ष रादौर, कर्ण चानना मीडिया प्रभारी रादौर, नवजोत सिंह गोगी कोषाध्यक्ष, सुरेश सांगवान, उदय सिंह कुंजल, रविंद्र पाल, मनमोहन सिंह औजला, धर्मवीर अमलोहा, कुलविंद्र सिद्धू, विनोद काजनु, सुभाष चमरोडी आदि मौजूद रहे। संवाद