संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव पलाका में लगभग ढाई एकड़ में बनाए जा रहे पोल्ट्री फार्म को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव में पोल्ट्री फार्म बनाए जाने के विरोध में सरपंच बलबीर सिंह के नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी कर जिला प्रशासन से इस बारे में कार्रवाई करने की मांग मार्ग।
गांव में धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समर्थन देने के लिए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी की ओर से जिला प्रधान संजू गुंदयाना, भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप की ओर से जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर व भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह की ओर से डॉ. गुरमीत सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे। किसान नेताओं ने ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने गांव में पोल्ट्री फार्म बनाने वाले लोगों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की तो किसान यूनियन ग्रामीणों के साथ आंदोलन में उनका साथ देकर सहयोग करेगी। धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बात करने के लिए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के बेटे नेपाल राणा मौके पर पहुंचे। ? ग्रामीणों ने गांव में पोल्ट्री फार्म न बनाए जाने की बात कही। इस पर नेपाल राणा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह ग्रामीणों के साथ हैं। गांव में अवैध रूप से पोल्ट्री फार्म का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। गांव पलाका के सरपंच बलबीर सिंह, रंजीत सिंह पंच, शिवकुमार पंच, प्रियंका पंच, दिव्य रानी पंच, रमेश नंबरदार, जागीर सिंह, तेजपाल ने बताया कि गांव से बकाना रोड पर पोल्ट्री फार्म बनाए जाने से प्रदूषण की समस्या सताए जा रही है।
गांव में पोल्ट्री फार्म बनने से लोगों को प्रदूषण के कारण भयंकर बीमारियों का सामना पड़ सकता है। वहीं इससे ग्रामीणों को दूषित जल की समस्या का भी सामना करना पड़ेगा। जिसको लेकर ग्रामीणों ने गांव में पोल्ट्री फार्म बनाए जाने का विरोध करने का निर्णय लिया है। वहीं पोल्ट्री फार्म से कुछ दूरी पर ही पास के गांव बकाना की व्यायामशाला भी है। उन्होंने बताया कि गांव में पोल्ट्री फार्म बनने से पास के बड़े गांव बकाना, बैंडी, खजूरी, छारी, मंसूरपुर तक के लोगों को मक्खियों की समस्या से जूझना पड़ेगा।