यमुनानगर। निरोगी हरियाणा योजना के लिए जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक वीरवार को सिविल सर्जन मनदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन यमुनानगर डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में योजना के तहत 796454 लोगों को लाभ प्रदान करने का लक्ष्य है। जिनमें से चार लाख 46 हजार लोगों को लाभ प्रदान किया जा चुका है। करीब 53 प्रतिशत लाभार्थियों का पंजीकरण कर उनकी जांच शुरू की जा चुकी है।
उप-सिविल सर्जन दिव्या मंगला ने बताया कि योजना के तहत स्वास्थ्य जांच करीबी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा की जाती है। स्वास्थ्य जांच के दौरान यदि किसी में कोई बीमारी मिलती है तो उसकी सभी आवश्यक जांचें व उपचार पूर्ण रूप से योजना अनुसार नि:शुल्क किया जाता है। कार्यक्रम सुचारू रूप से चलाने के लिए जिलास्तर पर प्रति दो माह में निरोगी कार्यक्रम के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक कर कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर उप-सिविल सर्जन एवं नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या मंगला के साथ सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रवर चिकित्सा अधिकारी व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।