संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कपालमोचन मेले में दूसरे दिन श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सूरजकुंड के निकासी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया। प्रशासन ने सूरजकुंड से बाहर निकलने वाले रास्ते के दोनों ओर बैठे भिक्षुकों को हटाकर रास्ता खाली करवाया।
इस दौरान पुलिस बल के साथ जेसीबी की भी मदद ली गई। इसके बाद रास्ते पर बैरिकेडिंग को मजबूत कर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो। डीएसपी रमेश कुमार और तहसीलदार रविंद्र कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं से शिकायतें मिल रही थीं कि सूरजकुंड से बाहर निकलने के लिए करीब 50 फीट चौड़ा रास्ता है।
लेकिन इसके दोनों ओर बड़ी संख्या में भिखारी बैठ जाते हैं। इससे रास्ता संकरा हो जाता है। श्रद्धालुओं को बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जब एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के बाद बाहर निकलते हैं तो वहां भीड़ का दबाव बढ़ जाता है।
इन पशुओं को लंगर से बची हुई सब्जियां और अन्य कूड़ा-कचरा खिलाया जाने लगा। इससे निकासी मार्ग पर अव्यवस्था बढ़ने के साथ-साथ गंदगी की समस्या पैदा हो गई। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
मेला अधिकारी जसपाल सिंह गिल ने बताया कि मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यातायात और निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।