बैंकों में नोट बदलवाने वालों की तादात में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। इससे बैंकों के पास कैश कम पड़ रहा है। मंगलवार को ट्वीन सिटी के बैंकों व एटीएम बूथ पर जबरदस्त मारा-मारी रही। शहर के लगभग सभी बैंकों में यही हालात थे। सुबह से ही सभी बैंकों के बाहर लाइन लगी नजर आई। इनमें श्रमिक वर्ग के लोग काफी संख्या में थे। इसके अलावा महिलाएं भी बड़ी संख्या में नोट जमा करवाने या बदलवाने के लिए बैंकों में पहुंच रही हैं। सबसे अधिक दिहाड़ी मजूदरी करने वाला तबका बैंकों की लाइन में नजर आ रहा है। अधिकतर बैंकों में कैश कम होने के कारण लोगों को दो-दो हजार रुपये ही एक्सचेंज किए गए। सुबह एटीएम बूथ पर नोट निकलवाने वालों की लाइनें लगी रही। दोपहर तक अधिकतर एटीएम बूथों मेें कैश खत्म हो गया। बैंक से जुड़े सूत्रों के मुताबिक अगले दो-तीन दिन तक बैंकों में कैश की किल्लत बनी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को बैंकों में नोट निकलवाने वालों की अंगुली में स्याही नहीं लगाई जाएगी।