यमुनानगर। भंगेड़ा गांव में 46 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का निर्माण किया जाएगा। मार्केट कमेटी चेयरमैन कैलाश चंद शर्मा ने डिस्पेंसरी के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बनने से ग्रामीणों को गांव में ही आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम होगी।
चेयरमैन कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार के आयुष विभाग ने ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डिस्पेंसरी को मंजूरी दी है। उन्होंने इसके लिए आयुष विभाग के निदेशक एवं अंबाला मंडल के कमिश्नर संजीव वर्मा और पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि संजीव वर्मा के विशेष प्रयासों और मार्गदर्शन से इस योजना को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने मंजूरी दी है। डिस्पेंसरी बनने से गांव के लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर जगदीश पाल, अंकुश व कपिल मनीष गर्ग भी मौजूद रहे।