संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की सर्जरी का कार्य बंद हो गया है। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्जरी न होने का कारण अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में रखे ऑटोक्लेव का खराब होना है। अस्पताल में दो ऑटोक्लेव हैं जो एक साथ खराब हो गए। मरीज चक्कर काट रहे हैं कि उनकी सर्जरी कब होगी।
ऑटोक्लेव एक ऐसा उपकरण है जो भाप का उपयोग करके मेडिकल उपकरणों को जीवाणु रहित करता है। ऑटोक्लेव सूक्ष्म जीवों और बीजाणुओं को मारने के लिए उच्च तापमान और दबाव पर काम करते हैं। इनका उपयोग कुछ जैविक अपशिष्टों को कीटाणु रहित करने और प्रयोगशाला के बर्तनों को कीटाणु रहित करने के लिए किया जाता है।
जिला नागरिक अस्पताल में दो ऑटोक्लेव मशीन हैं। दोनों मशीनें तीन दिन पहले एक साथ ही बंद हो गई। मशीन की गैस किट में खराबी है या या कुछ और तकनीकी वजह है फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। जिस वजह से ऑपरेशन से पहले उपकरण ऑटोक्लेव (स्टरलाइज) नहीं हो पा रहे हैं। इसके बिना कोई भी ऑपरेशन नहीं किया जा सकता।
इस मशीन का काम ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरणों से संक्रमण और कीटाणु आदि को नष्ट करना होता है, जिससे की ऑपरेशन के दौरान या बाद में किसी प्रकार का कोई संक्रमण मरीज में न फैल सके। जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना एक हजार के करीब मरीज जांच करवाने आते हैं।
अस्पताल में ऑर्थो, गायनी और सर्जरी के ऑपरेशन किए जाते हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण मरीजों की इसकी सुविधा नहीं मिल पा रही है। डॉक्टरों के अनुसार गर्भवतियों की डिलीवरी के लिए सर्जरी का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है। जिला नागरिक अस्पताल के सर्जरी उपकरणों को अब रोजाना गाड़ी में रख कर सब डिवीजन अस्पताल जगाधरी में भेजा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एक गाड़ी को विशेष तौर पर इसी के लिए लगाया गया है। जगाधरी अस्पताल से सर्जरी के उपकरणों को स्टरलाइज करवा कर जिला अस्पताल में वापस लाया जाता है ताकि गर्भवतियों की डिलीवरी व अन्य छोटी-मोटी सर्जरी की जा सके।
सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह का कहना है कि जिला अस्पताल में दो ऑटोक्लेव मशीन हैं। दोनों मशीनें अचानक खराब हो गई हैं। इन्हें ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बोला हुआ है। जल्द ही इन्हें ठीक करवा दिया जाएगा। उपकरणों को स्टरलाइज किए बिना सर्जरी नहीं कर सकते।