संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में नामजद महिला का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में महिला खुद को मानसिक रूप से प्रताड़ित बताते हुए अपने इकलौते बेटे के साथ आत्महत्या करने जैसी बातें कहती सुनाई दे रही है।
वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल ऑडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। संवाद न्यूज एजेंसी भी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका की टीम चार जुलाई को मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने के अभियान पर थी। आरोप है कि दिल्ली कॉम्प्लेक्स के सामने बर्तनों की दुकान चलाने वाली महिला और उसके बेटे ने कार्रवाई का विरोध करते हुए नगर पालिका कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
सेनेटरी इंस्पेक्टर के हाथ से चालान बुक छीनकर फाड़ने व सफाई कर्मचारियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप है। नगर पालिका सचिव की शिकायत पर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। गुरुवार को वायरल हुए कथित ऑडियो में महिला कहती सुनाई दे रही है कि सिस्टम और कानून उसके पीछे पड़ गए हैं, जिससे वह और उसका बेटा आत्महत्या करने को मजबूर हैं। ऑडियो में पति की 11 वर्ष पहले हुई मौत का जिक्र करते हुए महिला नगर पालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, एक पार्षद व तीन अन्य युवकों पर रुपये मांगने तथा झूठे मुकदमे दर्ज कराने जैसे आरोप भी लगाती है। साढौरा थाना प्रभारी लखविंद्र ने बताया कि एहतियात के तौर पर महिला और उसके परिवार पर नजर रखी जा रही है।
हनीट्रैप के तीन मामलों की आरोपी है महिला
वायरल ऑडियो से चर्चा में आई महिला के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जुड़े तीन आपराधिक मामले विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। इनमें से एक मामले में वह करीब 11 माह तक न्यायिक हिरासत में जेल में रह चुकी है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। पुलिस का कहना है कि मौजूदा प्रकरण की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
चेयरपर्सन बोलीं - आरोप निराधार
: नगर पालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उनका नाम घसीटा जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराने और पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही महिला के खिलाफ मानहानि का वाद दायर करने की बात भी कही है।