यमुनानगर। आबकारी एवं कराधान विभाग ने इस बार जिले में शराब ठेकों की नीलामी से 230.12 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत विभाग ने सभी 56 जोन के शराब ठेकों का रिजर्व प्राइस निर्धारित किया है। 56 जोन में से विभाग 47 जोन के ठेकों की नीलामी कर 207 करोड़ रुपये जुटा चुका है। फिलहाल नौ जोन ही ऐसे बचे हैं जिनकी नीलामी अभी नहीं हो सकी है। शेष बचे नौ जोन की नीलामी सात जून को लघु सचिवालय में होगी। इन नौ जोन का रिजर्व प्राइस विभाग ने 36 करोड़ 28 लाख रुपये रखा गया था लेकिन इन जोन पर किसी ने बोली नहीं लगाई। गत वर्ष आबकारी विभाग ने सभी जोन का रिजर्व प्राइस 212 करोड़ रुपये रखा था।
वर्ष 2024-25 के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग ने शराब ठेकों की आनलाइन बिड पहले एक जून को खोली थी। उस दिन 56 जोन में से 33 जोन की बोली लगी थी। यह 33 जोन 148 करोड़ रुपये में बिके थे। इनका रिजर्व प्राइस 138 करोड़ रखा गया था। बाकी बचे 23 जोन की नीलामी पांच जून को होनी थी परंतु इनमें से 14 जोन ही बिक सके। 14 जोन का रिजर्व प्राइस 55 करोड़ 53 लाख रुपये रखा गया था जबकि यह जोन 58 करोड़ 34 लाख रुपये में बिके। इनमें गोबिंदपुरी रोड़ स्थित शराब ठेका सबसे महंगा आठ करोड़ 81 लाख 76 हजार रुपये में बिका।
इस बार आबकारी विभाग ने जिले में चार नए जोन बनाए हैं। पहली बार पंचकूला-कलानौर नेशनल हाईवे पर दो शराब ठेके खुलेंगे। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति मिल गई है। जिस एरिया में यह ठेके खुलेंगे वह नगर निगम क्षेत्र में आ रहा है। एक ठेका औरंगाबाद व दूसरा मंडेबरी में होगा। जिन नौ जोन की नीलामी होनी है उनमें जोन तीन कोटला रत्तूवाला, जोन छह प्रतापनगर ताजेवाला, जोन 37 कांसापुर रोड़ ससौली, जोन 41 मंडेबरी, जोन 42 हाईवे रेस्ट हाउस, जोन 43 फर्कपुर जोड़ियां, जोन 44 लक्कड़ मंडी सहारनपुर रोड़, जोन 46 पांसरा सहारनपुर रोड़ और जोन 54 हरनौली, सलेमपुर बांगर शामिल है।