संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद दूसरे दिन जिले के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार देखने को मिला। जिले के कई माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में उपस्थिति 70 से 80 प्रतिशत तक दर्ज की गई। कुछ विद्यालयों में यह करीब 50 प्रतिशत रही। प्राथमिक विद्यालयों में 30 से 35 प्रतिशत के बीच उपस्थिति दर्ज की गई।
विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सामान्य रही और स्कूलों में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की गईं। विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू होने के साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों ने गति पकड़ी। शिक्षकों ने नए सत्र की रूपरेखा के अनुसार कक्षाओं में पढ़ाई करवाई और विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी दी।
स्कूल खुलने के दूसरे दिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय मुखियाओं से ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कराए गए कार्यों की रिपोर्ट भी मांगी है। मुखियाओं को तीन दिन में रिपोर्ट जिला कार्यालय में पेश की जाएगी।
बुधवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूलों का पहला दिन था। पहले दिन सुबह हुई बारिश और लंबे अवकाश के बाद विद्यार्थियों के स्कूल लौटने में झिझक के कारण उपस्थिति काफी कम रही थी। अधिकांश विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति करीब 12 प्रतिशत तक ही सीमित रही थी। कई स्कूल ऐसे भी रहे, जहां केवल इक्का-दुक्का विद्यार्थी ही पहुंचे थे।
दूसरे दिन मौसम सामान्य रहने और अभिभावकों के बच्चों को विद्यालय भेजने के कारण स्थिति में स्पष्ट सुधार देखने को मिला। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि आगामी एक-दो दिनों में विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति और बढ़ने की संभावना है तथा जल्द ही सभी स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां पूरी क्षमता के साथ संचालित होने लगेंगी।
छुट्टियों के बाद दूसरे दिन विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। स्कूल मुखियाओं से छुट्टियों के दौरान किए कार्यों की रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद निरीक्षण किया जाएगा। यदि कमियां मिलती हैं तो कार्रवाई की जाएगी। - अशोक राणा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।
राजकीय पाठशाला में शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल बच्चे। संवाद