यमुनानगर। शहर के कैंप क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूल की छुट्टी के दौरान नौवीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़खानी और मोबाइल छीनने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए अपहरण के प्रयास की बात से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आकर रुके। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों में से एक ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। आरोप है कि युवकों में से एक ने छात्रा से मोबाइल छीनने की कोशिश की और उसके साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया।
छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आते देख तीनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ राजपाल ने बताया कि छात्रा सुरक्षित है और परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में अपहरण के प्रयास जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। संवाद