अलाहर गांव के पास शराब ठेकेदार शिव कुमार ने दो युवकों पर उनकी गाड़ी पर पत्थर मारकर उनका कैश लूटने का प्रयास करने व उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जठलाना पुलिस ने आरोपी युवकों अलाहर निवासी जितेंद्र व राहुल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पालेवाला निवासी शिवकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ग्रुप नंबर 12 सढौरा वाईन व राव खुर्दबन नाम से शराब के ठेके लिए हुए है। नौ मई को रात करीब नौ बजे वह एमटी करहेड़ा निवासी विनय के साथ अपने शराब के ठेको से कैश इकट्ठा करने के लिए जा रहा था। गांव अलाहर के ठेके से कैश लेकर उसे जठलाना आना था। इसी बीच गांव अलाहर में सोसायटी के पास से जब वह अपनी बोलेरो गाड़ी में गुजर रहे थे तो दो अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे आकर उन्हें रोक लिया। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से व उनका कैश लूटने की नीयत से उनकी गाड़ी पर पत्थर मारे। पत्थर लगने से उसकी गाड़ी का शीशा टूट गया। उसके बाद दोनों युवक वहां से भाग गए लेकिन जाते समय उन्हें धमकी दी कि आज तो तुम बच गए लेकिन अगर दोबारा हमारी गली में आए तो तुम्हें जान से मार देंगे। जब हमने इन युवकों के बारे जानकारी जुटाई तो पता चला कि दोनों युवक गांव अलाहर के जितेंद्र व राहुल है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश का कहना है कि मामले में पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों पर मारपीट, तोड़फोड़ व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।