संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर। नेशनल हाईवे 344 पर पिरथी माजरा गांव के पास स्कूल जा रहे दो छात्राें को बोलैरो सवार चार युवकों ने करने का प्रयास किया। आरोपियों ने दोनों को इंजेक्शन लगा दिया। इस पर दोनों मौके से भागे और एक खेत जाकर बेहोश हो गए। स्कूल न पहुंचने पर तलाश में जुटे परिजनों को दोनों खेत में पड़े मिले। दाेनों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस मामले को संदिग्ध बताकर जांच के बाद आगामी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पिरथी का माजरा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसका बेटा 11 वर्षीय रिशु व 10 वर्षीय विशांत भंभौली अड्डा स्थित न्यू लाइट स्कूल में पढ़ते हैं। रिशु छठी कक्षा व विशांत पांचवीं कक्षा में है। रोज की तरह सुबह नौ बजे दाेनों घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे।
जब वे पैदल गांव से बाहर नेशनल हाईवे 344 पर कुछ ही दूरी पर पहुंचे तो पीछे से बोलैरो गाड़ी उनके पास आकर रुकी। कार में चार युवक सवार थे। इन युवकों ने उनके बच्चों को आवाज देकर बुलाया। जैसे ही वह उनके पास गए तो आरोप है कि दो युवकों ने उनके बच्चों का मुंह बंद कर लिया और उनके बच्चों के हाथों में इंजेक्शन लगा दिया।
इस पर घबराकर दोनों बच्चे वहां से भाग निकले और एक खेत में जाकर बेहोश हो गए। स्कूल से उनके पास फोन आया कि बच्चे नहीं आए है। इस पर उन्होंने परिजनों के साथ दोनों की खोजबीन शुरू की। दोनों बच्चे उन्हें पास ही एक खेत में मिले। इसके बाद वह उन्हें अस्पताल ले गए। वहां दोनों का इलाज किया गया।
थाना छप्पर प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। बच्चों के अपहरण बारे में उन्होंने स्कूल से भी पता किया गया। वहां से कोई फोन बच्चों के माता-पिता को नहीं किया गया था। अस्पताल में भी पता किया गया। जिस जगह पर घटना के बारे में बताया गया। वहां पर खेतों में लेबर लगी थी। उनसे भी कोई जानकारी नहीं मिली है।बच्चों व उनके परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।