कैंप की एक जिम में गई महिला को एक युवक ने शादी करने का ऑफर किया, लेकिन महिला ने आरोपी से शादी करने से मना कर दिया। आरोप है कि इस पर आरोपी युवक ने महिला से मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद आरोपी युवक ने एडिट करके महिला की फोटो के साथ अपनी फोटो जोड़ सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। महिला को जब इस बात का पता चला तो उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व आईटी एक्ट के तहत केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
फर्कपुर क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने गांधीनगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खड्डा कॉलोनी हमीदा निवासी रजत कई दिन से उसका पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि 13 अक्टूबर को शाम सात बजे वह कैंप की एक जिम में गई थी। इस दौरान आरोपी रजत वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने उससे शादी करने की बात कहीं। लेकिन उसने पहले से शादीशुदा होने की बात कहकर उसे मना कर दिया। इस पर आरोपी भड़क गया और उससे मारपीट करने लगा। जिम के अन्य लोगों ने उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक ने उसकी फोटो को एडिट करके उसके साथ अपनी फोटो जोड़ दी। एडिट की गई यह फोटो आरोपी ने फेसबुक व व्हाट्सअप पर वायरल कर दी। ऐसा कर आरोपी ने उसे बदनाम किया। उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपी रजत उर्फ रिक्की के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 354, 506, 67ए आईटी एक्ट के तहत केस दर्जकर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई कुसुम बाला का कहना है कि मामले की जांच कर रहे है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।