कॉलेज के बाहर खड़े बीए सेकेंड ईयर के छात्र पर धारदार हथियारों से हमला, गंभीर
शहर के निजी कॉलेज के बाहर खड़े बीए सेकेंड ईयर की छात्र पर चार-पांच युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने ताबड़तोड़ उसके सिर व पैरों पर वार किए। छात्र के अचेत होने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल छात्र के साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस घायल के ब्यान लेने गई, लेकिन डॉक्टर ने उसे अनफिट बताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार इस्माइलपुर निवासी नवींद्र शहर के निजी कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर का छात्र है। वीरवार को वह कॉलेज के गेट पर खड़ा था। तभी वहां पर पांच छह युवक धारदार हथियारों के साथ आए और उसपरहमला बोल दिया। नवींद्र का कहना है कि आरोपितों के धारदार हथियारों से उसके सिर व पैरों पर वार किए। जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। जब होश में आया, तो वह अस्पताल में था। नवींद्र ने बताया कि आरोपी अक्सर कॉलेज में घूमते रहते हैं। वह यहां पर नहीं पढ़ते। उनके साथ किसी तरह का कोई विवाद भी कभी नहीं हुआ। पता नहीं उन्होंने क्यों हमला किया। उसे मारते हुए आरोपी कह रहे थे कि हमें तो बाहर जाना है। आज इसका इलाज कर देंगे। वहीं बताया जा रहा है कि आरोपी बेरोकटोक कक्षा में घूमते रहते हैं। उन्हें रोकने पर ही उनका नवींद्र से विवाद हुआ था।