शहर के सबसे व्यस्त मार्ग गोबिंदपुरी रोड पर छह-सात युवकों ने लक्कड़ मंडी में मुंशी पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया। इसमें अंकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। अंकेश का आरोप है कि जाते हुए आरोपी उसके गले से चेन भी झपट ले गए। गंभीर हालत में घायल को अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए तीन चार अन्य पर केस दर्जकर लिया है।
पुलिस के अनुसार मायापुरी कॉलोनी निवासी अंकेश लक्कड़ मंडी में मुंशी है। उसका मामा मारवां खुर्द निवासी लखविंद्र किसी काम से यहां आए हुए थे। रात को अंकेश अपने मामा के साथ मार्केट में आया था। देर शाम को वे बाजार से घर लौट रहे थे। इस दौरान गोबिंदपुरी रोड पर एक खोखे पर सिगरेट पीने के लिए रूक गए। तभी वहां पर बैंक कॉलोनी निवासी सचिन, ढिक्का निवासी राजीव, कमलदीप व तीन-चार अन्य युवक पहुंचे। आते ही उन्होंने अंकेश पर डंडों व रॉड से हमला बोल दिया। उसके मामा लखविंद्र ने बीच बचाव भी किया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी धमकी देकर चुप करा दिया। बताया जा रहा है कि अंकेश व सचिन के बीच पहले भी कहासुनी हो गई थी। जिस पर ही उनके बीच रंजिश बनी हुई है। इसी रंजिश को लेकर मारपीट होनी बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी सचिन, राजीव व कमलदीप को नामजद करते हुए तीन-चार अन्य पर केस दर्जकर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई बलबीर सिंह ने बताया कि उसके मामा मारवां खुर्द निवासी लखविंद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया है। जांच की जा रही है। अंकेश व सचिन के साथ पहले से रंजिश चली आ रही है। इसी के चलते मारपीट हुई। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।