गांव अहड़वाला में कुछ युवकों ने दो चचेरे भाइयों पर रॉड, तलवार, कटर व डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बचाने आए एक अन्य युवक से आरोपियों ने मारपीट की। जान बचाकर जब दोनों चचेरे भाई अपने गांव की तरफ भागे तो आरोपियों ने रास्ते में घेरकर फिर से उन्हें पीटा। पुलिस ने मामले में चार युवकों को नामजद 6-7 अन्य पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटडा खास निवासी संदीप ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार रात को वह अपने चाचा के लड़के सचिन के साथ गांव अहड़वाला स्थित चौराही निवासी मेम की मीट की दुकान पर आए थे। जब वह दुकान के बाहर खड़े थे तो वहां पर मलिकपुर बांगर निवासी रोहित आया। रोहित ने उसके साथ पहले हाथ मिलाया। इसके बाद दुकान के अंदर जाकर बैठ गया। इसके बाद वह और सचिन दुकान के बाहर बैठ गए। तभी वहां पर चौराही निवासी मनीष, राजन, शीशपाल, हन्नी व 6-7 अन्य युवक पहुंचे। उनके हाथ में रॉड, डंडे, तलवार व कटर था। आते ही आरोपियों ने उसके चाचा के लड़के सचिन पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने रॉड व डंडे व तलवार से उस पर व सचिन पर हमला कर घायल कर दिया। जब रोहित ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों से उससे भी मारपीट की। किसी तरह वह आरोपियों से जान बचाकर कोटडा की तरफ भागे। आरोपियों ने बाइकों से उनका पीछा किया। उनके गांव की माडी के पास आकर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और दोबारा मारपीट की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी मनीष, राजन, शीश पाल, हन्नी को नामजद करते हुए 6-7 अन्य पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।