यमुनानगर/बिलासपुर। मलिकपुर बांगर के पास चलती कार की खिड़की से निकलकर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। मामले में तीन आरोपी चंदाखेड़ी निवासी नीतेश, मारवां निवासी शुभम पंडित व टिब्बीराइयां निवासी सिमरप्रीत को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जबकि चौथा आरोपी लेदी निवासी शिवांक फरार है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम पंडित व सिमरप्रीत की स्कूल टाइम से चौली निवासी मनप्रीत के साथ रंजिश चली आ रही है। फायरिंग करने वाले आरोपी नीतेश पर बिलासपुर के जगदंबा क्लॉथ हाउस के संचालक से रंगदारी मांगने के मामले समेत चार केस पहले से दर्ज है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से नीतेश को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। जबकि शुभम व सिमरप्रीत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह दी पुलिस को शिकायत -
पुलिस को दी शिकायत में चौली निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह अपने दोस्त मानकपुर निवासी हर्ष व बनकट निवासी ऐलनदीप के साथ मानीपुर निवासी रिशु की स्विफ्ट कार से बिलासपुर की तरफ अपने निजी काम से जा रहे थे। कार को रिशु चला रहा था। बराबर की सीट पर वह बैठा था और पीछे ऐलनदीप व हर्ष बैठे हुए थे। जब उनकी कार गांव मलिकपुर बांगर के बने एक स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई तो पीछे से आल्टो कार ने उन्हें ओवरटेक किया। उस कार को लेदी निवासी शिवांक चला रहा था। उसके साइड वाली सीट पर चंदाखेड़ी निवासी नीतेश, पीछे वाली सीट पर मारवां कलां निवासी शुभम पंडित व टिब्बी राइयां निवासी सिमरप्रीत बैठे थे। मलिकपुर बांगर में ही मोड से अगले ब्रेकर के पास पहुंचते ही आरोपी नितेश ने चलती कार में से साइड वाली खिड़की से बाहर निकलकर उन पर फायरिंग कर दी। आरोपी ने उन पर तीन फायर किए। एक फायर कार की अगली बंपर की जाली पर लगा और दूसरा फायर कार के बंपर पर लगा। तीसरी गोली सड़क किनारे जा रहे एक प्रवासी मजदूर नेपाल के गांव बिसरामपुर निवासी गांधी रावत को लगा। जिसमें वह घायल हो गया था। इसके बाद वह चौराही कपाल मोचन रोड पर फरार हो गए।
साइकिल सवार को टक्कर मार पेड़ से टकराकर खेत में पलटी थी कार
मनप्रीत ने बताया कि आरोपियों ने कार बहुत तेज गति से चला रखी थी। आरोपी चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए एक साइकिल सवार को भी टक्कर मारी। इसके बाद बिलासपुर की ओर भाग गए। रिशु ने भी अपनी कार को शिवांक की गाडी के पीछे लगा लिया। आगे जाकर शिवांक ने चौराही गांव में से गाड़ी को कपाल मोचन जाने वाले रास्ते पर मोड़ लिया। कुछ दुरी पर जाकर शिवांक की कार सड़क के साइड में लगे एक पेड़ से टकराकर खेत में पलट गई। आरोपी कार से निकलकर गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस ने घेराबंदी कर नीतेश, शुभम पंडित व सिमरप्रीत को काबू कर लिया। जबकि उनका साथी शिवांक फरार हो गया। अब पुलिस शिवांक की तलाश में है।
-
स्कूल टाइम से चली आ रही रंजिश -
चौली निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि शुभम पंडित व सिमरप्रीत उससे स्कूल टाइम से रंजिश पाले हुए है। आरोपियों के साथ कई बार उनका झगड़ा हो चुका है। दो माह पहले आरोपियों ने गांव खानुवाला व लालबहादुर शास्त्री कॉलेज बिलासपुर के पास भी उससे झगड़ा किया था। इसी कारण शुभम पंडित व सिमरप्रीत उनसे रंजिश रखे हुए है। आरोपियों से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस व मैगजीन बरामद की गई है।
-
वर्जन
बिलासपुर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि मामले में चार आरोपियों को नामजद किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी नीतेश को रिमांड पर लिया गया है। बाकी दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गोली लगने से घायल हुए मजदूर की हालत खतरे से बाहर है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।