संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। जेएमआईईटीआई इंजीनियरिंग महाविद्यालय में शनिवार को सिविल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक उमरी के विद्यार्थियों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सिविल इंजीनियरिंग के विभिन्न प्रयोगशाला कार्यों से अवगत कराना रहा। इस दौरान हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आर्यन सिंधु ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यशाला की शुरुआत सिविल इंजीनियरिंग विभाग की अध्यक्षा डॉ. तनवी गुप्ता व सहायक प्राध्यापक कर्ण वढेरा ने सीओई लैब गतिविधि से की। इसमें विद्यार्थियों ने सड़क निर्माण में उपयोग किए जाने वाले बिटूमिन पर परीक्षण कर उसकी गुणवत्ता की जांच की। सत्र में विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला में स्वयं परीक्षण कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
इसके बाद सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक रिंकी, पंकज, गौरव, टेक्नीशियन मुनीश ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया। विद्यार्थियों को स्ट्रक्चरल, सर्वे, कंस्ट्रक्शन, मटेरियल टेस्टिंग लैब्स की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इसके बाद सिविल इंजीनियरिंग प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें 20 प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में आर्यन सिंधु प्रथम, रितिक शर्मा द्वितीय, भानु प्रताप तृतीय स्थान पर रहे। संस्थान निदेशक डॉ. विवेक शर्मा ने विभाग के प्रयासों की सराहना की।