संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मौसम साफ होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। गेहूं की जो फसल खड़ी है उसकी समय से कटाई कर पाएंगे। सोमवार रात जिले में जगाधरी, बिलासपुर समेत कुछ जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई और तेज हवाएं चली। तेज बारिश न हो जाए यही सोच कर किसान घबराए हुए थे। वहीं मौसम साफ होने पर गेंहू की आवक तेज हो गई है।
वहीं मंगलवार सुबह मौसम साफ होने व धूप निकलने से किसानों को काफी राहत मिली। मंडियों में गेहूं का पहुंचना तेजी से जारी है। अभी तक जिले की सभी 13 अनाज मंडियों में कुल 243150 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिसमें से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 86255 मीट्रिक टन, हैफेड ने 131511 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयर हाउस कॉरपोरेशन ने 25384 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है।
कृषि एवं कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. आत्मा राम गोदारा का कहना है कि 80 प्रतिशत गेहूं की कटाई हो चुकी है। जो बची हुई है उसकी कटाई भी किसान जल्द से जल्द कर लें। उधर, मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तेज धूप के साथ-साथ धूलभरी हवाएं भी चलने की संभावना है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंडियों से अभी तक 173016 मीट्रिक टन गेहूं की उठान हो चुकी है। बिलासपुर अनाज मंडी में 25968 मीट्रिक टन गेहूं, छछरौली मंडी में 27285 मीट्रिक टन, गुमथला राव मंडी में 6535 मीट्रिक टन, जगाधरी मंडी में 36669 मीट्रिक टन, जठलाना मंडी में 4620 मीट्रिक टन, खारवन मंडी में 4200 मीट्रिक टन, प्रतापनगर मंडी में 31114 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
इसके अलावा सरस्वतीनगर में 36295 मीट्रिक टन, रादौर में 38580 मीट्रिक टन, रणजीतपुर में 9881 मीट्रिक टन, रसूलपुर मंडी में 7454 मीट्रिक टन, साढौरा मंडी में 14333 मीट्रिक टन व यमुनानगर मंडी में 216 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।