संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अनाज मंडियों में गेहूं की आवक ने भी जोर पकड़ लिया है। किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में लेकर गेहूं को मंडियों में पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग ने 13 से 15 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना जताई है। इसलिए किसान चाहते हैं कि जो फसल कटने को तैयार है उसे बारिश से पहले मंडियों में पहुंचा दिया जाए।
मंडियों में अब तक करीब 3412 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 3296 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसमें से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 1948 मीट्रिक टन, हैफेड ने 878 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन ने 470 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है।
बिलासपुर मंडी में अभी तक 375 एमटी, गुमथला में 66 एमटी, जगाधरी में 541 एमटी, सरस्वतीनगर में 1050 एमटी, रादौर मंडी में 585 एमटी, रसूलपुर मंडी में 54 एमटी, साढौरा मंडी में 198 एमटी गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इस बार मंडियों में गेहूं की आवक धीमी है। ऐसा मौसम में ठंडक का ज्यादा दिनों तक रहना है। गत वर्ष की बात करें तो आज की तारीख तक 19402 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी।
मार्केट कमेटी सचिव ऋषिराज यादव ने बताया कि सरकार के आदेशों पर मंडियों में गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है। फसल लेकर आए किसानों को मंडी में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए सभी बंदोबस्त किए गए हैं। छछरौली अनाज मंडी में अब तक कुल 2900 क्विंटल गेहूं खरीदी गई है। किसानों, आढ़तियों, श्रमिकों व मंडी आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी बंदोबस्त किए गए हैं।