एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। टीम ने रादौर की कृष्णा कॉलोनी में दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जो रविवार शाम को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियन के बीच खेले गए आईपीएल मैच पर सट्टा खाईवाली कर रहे थे। सट्टेबाजी का यह पूरा खेल फोन पर होता था। आरोपियों के पास से 16800 रुपये की नगदी, सात मोबाइल, दो चार्जर, एक सेटअप बॉक्स व एक एलईडी बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से बरामद फोन की कॉल डिटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के तार मुंबई व दिल्ली में बैठे बड़े सटोरियों से जुड़े है। मास्टर माइंड दुबई में बैठकर पूरा खेल खेल रहा है।
एंटी नारकोटिक सेल इंचार्ज महावीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें रादौर की कृष्णा कॉलोनी में सटोरियों द्वारा अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियन के बीच खेले गए आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह, एएसआई जसवीर सिंह हैप्पी, अमित, पंकज व राजेंद्र की टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर दबिश दी तो दो व्यक्ति एलईडी टीवी पर आईपीएल मैच देखते हुए मिले। आरोपी फोन पर ही सट्टा लगा रहे थे। कोई मैच की हार जीत पर सट्टा लगा रहा था तो कोई एक एक ओवर व गेंद पर सट्टा लगा रहा था। वहीं कुछ लोग गेंदबाज व कुछ बल्लेबाज पर सट्टा लगा रहे थे। दबिश के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया। जिनकी पहचान करनाल के जुंडला गेट निवासी सुशील व गांव कलरी निवासी रोबिन के नाम से हुई। आरोपियों के पास से 16800 नगदी, 7 मोबाइल, 2 चार्जर, एक सेटअप बॉक्स व एक एलईडी बरामद की गई। दोनों अरोपियों पर रादौर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।