यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में पलटी नाव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज पर मंगलवार शाम बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की नाव यमुना नदी में पलट गई। नाव में कई जवान सवार थे। हादसे के बाद तीन जवान तो किसी तरह बाहर निकल आए लेकिन एक जवान के नदी में बहने की आशंका है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और नदी में लापता जवानों की तलाश शुरू कर दी गई।
नदी में एक जवान लापता, तलाश जारी
जानकारी के अनुसार अंबाला से पैरामिलिट्री फोर्स के जवान हेलिकॉप्टर के माध्यम से हथिनीकुंड बैराज पहुंचे थे। यहां यमुना नदी में बाढ़ से बचाव और राहत कार्य का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। मंगलवार देर शाम जवान नाव के जरिए नदी में अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान नाव नदी के बीच में अचानक बंद हो गई। नाव के बंद होने के बाद बैराज के गेटों से यमुना नदी में छोड़े जा रहे पानी के तेज बहाव ने नाव को अपनी ओर खींच लिया। पानी का बहाव तेज होने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। नाव पर सवार तीन जवानों के किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। एक अन्य जवान फिलहाल लापता है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गया। नदी में लापता जवानों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। तेज बहाव के कारण बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे।
बता दें कि अक्सर उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के मिर्जापुर और बादशाही बाग के आसपास से सेना व पैरामिलिट्री के जवान समय-समय पर आपदा प्रबंधन और बाढ़ राहत से जुड़े प्रशिक्षण के लिए हथिनीकुंड बैराज आते हैं। मंगलवार को प्रशिक्षण के लिए आए जवान अंबाला से पैरामिलिट्री फोर्स के बताए जा रहे हैं।
थाना प्रतापनगर के एसएचओ रोहताश ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज पर नाव पलटने की सूचना मिली है। वह मौके पर जा रहे है। इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।