संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में दिवाली पर केवल ग्रीन पटाखे बेचने और चलाने के प्रशासनिक आदेश धुएं में गुम हो गए। पटाखों के धुएं का असर ऐसा रहा कि दिवाली की रात जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। सोमवार सुबह भी एक्यूआई करीब 300 दर्ज किया गया। शाम को यह 203 के स्तर पर रहा।
सरकार की ओर से ग्रीन पटाखे चलाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन तेज आवाज वाले पटाखों और आतिशबाजी के बीच इन आदेशों का पालन नहीं हुआ। रविवार शाम सात बजे एक्यूआई करीब 229 था। पटाखेबाजी शुरू होने के बाद महज एक घंटे में यह बढ़कर 349 पर पहुंच गया। रात नौ बजे तक एक्यूआई 410 दर्ज किया गया।
इस दौरान हवा में पीएम-10 का स्तर भी 500 माइक्रोग्राम तक पहुंच गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप सिंह ने का कहना है कि ग्रीन पटाखों से प्रदूषण नहीं होता। फिर भी कुछ लोग चोरी-छिपे दूसरे पटाखे चल लेते हैं, जिससे प्रदूषण में बढ़ोतरी जाती है।
चार गुना बढ़ा प्रदूषण का स्तर
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आईएनएल कुमार ने बताया कि सामान्य तौर पर एक्यूआई 50 तक रहने पर हवा की गुणवत्ता अच्छी मानी जाती है। 50 से 100 तक मध्यम, 100 से 150 तक संवेदनशील समूहों के लिए अस्वास्थ्यकर, 150 से 200 तक सभी के लिए अस्वास्थ्यकर और 200 से 300 तक बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है। ऐसे में दिवाली की रात 410 तक पहुंचा एक्यूआई स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।