संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आर्थिक कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए केंद्र की ओर से चलाई जा रही राष्ट्रीय साधन सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) हर साल 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अंतिम तिथि 24 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
सरकार की ओर से शिक्षा निदेशालय को पत्र जारी किया गया है। पत्र जारी होने के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों के आवेदन करवाए जा रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को हर साल ऑनलाइन आवेदन करना होता है। योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को चार साल में 48,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है।
योजना के तहत जिले के कुल 411 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। वहीं इस बार 154 नए विद्यार्थी नौवीं कक्षा से इस योजना में शामिल किए गए हैं। योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता परीक्षा भी करवाई जाती है। परीक्षा केंद्रों व अन्य जानकारी प्रतिभागियों के नंबरों पर साझा की जाएगी।
योजना के तहत वर्तमान में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए परीक्षा ली जाएगी और उत्तीर्ण विद्यार्थी को नौवीं से 12वीं तक हर महीने 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यदि छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थी आवेदन करने से चूक जाते हैं, तो उन्हें दोबारा योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।
इस बार जिले के 154 नए विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए पिछले साल आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसके बाद इस सत्र में नौवीं में आने के बाद छात्रवृत्ति शुरू कर दी गई है। वहीं 10वीं से 12वीं के कुल 411 विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति दी जा रही है।
नए सत्र के लिए 29 नवंबर को होगी परीक्षा
एनएमएमएसएस योजना का लाभ नौवीं से 12वीं कक्षा तक दिया जाता है। इसके लिए आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं। नए सत्र में योजना का लाभ देने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए 24 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नवंबर के तीसरे सप्ताह रविवार को योजना की परीक्षा ली जाएगी। इस बार यह परीक्षा 29 नवंबर को करवाई जा रही है।
एनएमएमएसएस योजना का लाभ देने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए विद्यार्थी 24 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। जल्द ही सभी विद्यार्थियों के आवेदन अपलोड कर दिए जाएंगे। - संजय कांबोज, जिला गणित विशेषज्ञ।