संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई के कई ट्रेड में एक भी आवेदन नहीं हुआ है। चूंकि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के पोर्टल पर कई ट्रेड दिखाई ही नहीं दे रहा है। पोर्टल पर संस्थान में ट्रेड संचालित होने की जानकारी तो है, लेकिन आवेदन करने के लिए यह ओपन नहीं है। चूंकि अभी इन ट्रेड की स्कैनिंग की जा रही हैं। स्कैनिंग होने के बाद ही यह ट्रेड पोर्टल पर खुलेंगी।
अब विभाग की ओर से स्कैनिंग वाली ही नहीं बल्कि सभी ट्रेड पर कैप लगा दी है। ऐसे में विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है। अब विद्यार्थी पंजीकरण तो कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ट्रेड नहीं मिल रही है। इस बार केंद्रीय प्रशिक्षण महानिदेशालय की ओर से नया नियम लागू किया गया है। इसके तहत अब केवल उन ट्रेड्स में दाखिले होंगे, जिनके इंस्ट्रक्टर संस्थान में होंगे। यदि किसी ट्रेड का संस्थान में इंस्ट्रक्टर नहीं है तो उसमें दाखिला नहीं दिया जाएगा।
यही नहीं यदि किसी संस्थान में जिन ट्रेड के इंस्ट्रक्टर अस्थायी रूप से नियुक्त हैं, उनमें भी दाखिले नहीं होंगे। इसके लिए निदेशालय की ओर से सभी आईटीआई से उनके इंस्ट्रक्टर की जानकारी मांगी गई है। सभी संस्थानों से जानकारी आने के बाद तमाम ट्रेड की स्कैनिंग होगी और उसके बाद सभी ट्रेड में दाखिला होगा। निदेशालय के नए नियम के चलते आईटीआई में आवेदन करने की गति पर रोक लग गई है। चूंकि विद्यार्थियों को इसकी सटीक जानकारी नहीं है।
जानकारी न होने के कारण विद्यार्थी संस्थान तो आ रहे हैं, लेकिन अधिकांश बिना आवेदन किए ही लौट रहे हैं। इससे दाखिला समितियों की दिक्कत बढ़ गई हैं। आईटीआई में दाखिला आवेदन शुरू हुए पांच दिन हो गए हैं, लेकिन अपेक्षाकृत आवेदन नहीं हुए हैं। जिले की नोडल आईटीआई में पिछले वर्ष 10,800 से ज्यादा आवेदन हुए थे और इस बार पांच दिन में एक हजार आवेदन भी नहीं हो पाएं हैं। बता दें कि नोडल आईटीआई में ड्राफ्टमैन ड्यूल, इलेक्ट्रिकल, जीईओ, सटेनोग्राफर, प्लंबर, कारपेंटर, कॉस्मेटोलाॅजी करीब आधा दर्जन बड़ी ट्रेड में आवेदन नहीं हुए हैं। इसकी मंजूरी निदेशालय से आएगी।
आज भी किया जाएगा पंजीकरण
कौशल प्रशिक्षण एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने शनिवार को दाखिला समिति की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए हैं। इस दौरान केवल रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में विद्यार्थियों को बाहर से ही आवेदन करना होगा। बता दें कि इस बार विभाग की ओर से दाखिला आवेदन के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। इसमें दो शनिवार व दो रविवार हैं और दोनों दिन अवकाश होता है। परंतु अब निदेशालय की ओर से संस्थान में शनिवार को पंजीकरण करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए नोडल आईटीआई में 12 सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है।
विभाग की ओर से ट्रेड की स्कैनिंग की जा रही है। इसके तहत कुछ ट्रेड में बिल्कुल भी आवेदन नहीं हुए हैं। इन ट्रेड की स्कैनिंग के बाद आवेदन होंगे। अब शनिवार को संस्थान में आवेदन किए जाएंगे। -भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।