संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दहेज प्रताड़ना और बेटी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने व मिल रही धमकियों से खफा मृतका के परिजन व रिश्तेदार वीरवार को डीसी से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मृतका के पति को ही पकड़ा है, लेकिन अन्य आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस गिरफ्त से बाहर आरोपी उन्हें धमकियां दे रहे हैं। परिजनों ने डीसी के नाम ड्यूटी मजिस्ट्रेट को शिकायत सौंपी।
गांव किशनपुरा निवासी रामशरण ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रजनी की शादी 2021 गांव डारपुर निवासी विशाल से की थी। शादी के पास उसे एक बेटा हुआ। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रजनी के ससुराल का रवैया सही नहीं था। उनका दामाद विशाल, जेठानी रेनू, जेठ गोल्डी और ससुर बुधराम मिलकर रजनी को दहेज के लिए प्रताड़ित और उससे मारपीट करते थे।
उन्होंने शिकायत में कहा कि 28 मार्च सुबह 10 बजे उनके दामाद विशाल, जेठ, जेठानी व ससुर ने गला घोटकर रजनी की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर उन्होंने इसकी शिकायत थाना छछरौली पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर किया है। परंतु इस मामले में पुलिस ने केवल रजनी के पति विशाल को गिरफ्तार किया है।
रजनी का जेठ गोल्डी, जेठानी रेनू व ससुर बुधराम ने पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे सपरिवार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जब तक आरोपी बाहर हैं वे जांच प्रभावित करेंगे। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस बारे कई बार पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।