संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छता अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने जगाधरी के वार्ड नंबर चार में बूड़िया सराय स्थित एक पशु डेयरी पर कार्रवाई की। टीम ने डेयरी में बने पशु बांधने वाले स्थान, चारा डालने वाली खुरली व अन्य स्थान को ध्वस्त कर दिया। साथ ही डेयरी संचालक को चेतावनी दी कि दोबारा डेयरी शुरू की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिहायशी क्षेत्र में चल रही इस डेयरी से क्षेत्र में गंदगी का माहौल था। क्षेत्रवासियों ने कई बार नगर निगम को इसकी शिकायत दी थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीएसआई हरजीत सिंह, एसआई अमित कांबोज व अन्य की टीम मौके पर पहुंची। निगम द्वारा डेयरी के अंदर बंधे पशुओं को खुलवा कर अन्य स्थान पर शिफ्ट किया।
वहीं देर शाम जगाधरी के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। शहर को साफ, सुथरा व अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अधिकारी (सफाई) अनिल कुमार यादव व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने अन्य निगम अधिकारियों के साथ पैदल जगाधरी के खेड़ा बाजार, पंसारी बाजार, पत्थरों वाला बाजार, झंडा चौक समेत विभिन्न बाजारों में घूम कर लोगों को अतिक्रमण न करने और खुले में गंदगी न फैलाने के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने दुकानदारों को समझाकर दुकानों व घरों के बाहर सड़क पर रखे सामान को उठवा कर अंदर रखवाया। सड़कों पर खड़ी रेहड़ियों को खाली स्थानों पर भेजा गया। अनिल कुमार यादव ने कुछ दिन पहले जगाधरी मार्केट एसोसिएशन व अन्य के साथ बैठक कर उन्हें सड़क पर सामान न रखने और खुले में गंदगी न डालने के निर्देश दिए थे।
इसी के चलते देर शाम विशेष अधिकारी अनिल कुमार यादव, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई विनोद बेनीवाल, एसआई अमित कांबोज, एएसआई सचिन कांबोज व अन्य निगम कर्मचारी होमगार्ड के जवानों के साथ जगाधरी के विभिन्न बाजारों में निकले। सबसे पहले जगाधरी नगर निगम कार्यालय के बाहर झंडा चौक के पास सड़क पर खड़े रेहड़ी विक्रेताओं को हटाया गया।
यहां सड़कों को कब्जा मुक्त कराया गया। उन्हें समझाया गया यदि अब यहां रेहड़ी लगाई तो सामान जब्त कर चालान किया जाएगा। यहां से सभी निगम अधिकारी पैदल पत्थरों वाला बाजार, पंसारी बाजार, खेड़ा बाजार व अन्य बाजारों में पहुंचे। उन्होंने डोर-टू-डोर जाकर हर दुकानदार को अतिक्रमण न करने व खुले में कचरा नहीं डालने के प्रति जागरूक किया।