जठलाना। क्षेत्र के गांव भगवानगढ़ में आठ दिनों से टूटी पीने के पानी की पाइप लाइन को ठीक न किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने गुमथला मार्ग को ट्रॉली लगाकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। उनका कहना है कि पाइप लाइन टूटी होने से न केवल पाइप लाइन का पानी सड़क पर जमा हो गया है, वहीं पिछले तीन दिनों से गांव में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो चुकी है। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब वह समस्या को लेकर बीडीपीओ कार्यालय गए तो वहां अधिकारियों ने उनकी समस्या का समाधान करने की बजाए उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। सूचना पाकर पीडब्ल्यूडी विभाग व जलापूर्ति विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द से जल्द पाइप लाइन ठीक करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोला।
ग्रामीण प्रमोद राणा, देवीदयाल, शेखर राणा, सतीश कुमार, दिलबाग सिंह, विजय कुमार इत्यादि ने बताया कि उनके गांव में मुख्य सड़क पर पीने के पानी की पाइप लाईन पिछले करीब आठ दिनों से टूटी हुई है। जिसका पानी सड़क पर जमा हो गया है। जिनके घर सड़क पर है उन्हें बाहर निकलने में भी समस्या हो रही है वहीं पानी जमा होने से मच्छरों की भी भरमार हो गई है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा है।
वहीं दूसरी ओर तीन दिनों से गांव में पानी की सप्लाई भी पूरी तरह से बाधित हो गई है। ग्रामीणों को पीने के पानी का प्रबंध करने के लिए दर दर भटकना पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई बार बीडीपीओ कार्यालय में की लेकिन अधिकारियों ने समस्या का समाधान करने की बजाए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। जिससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह एक बार फिर से धरना देगें और सड़क मार्ग को जाम करेगें।
अभद्र व्यवहार करने का आरोप निराधार
बीडीपीओ राज सिंह का कहना है कि अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप निराधार है। पाइप लाइन ठीक करवाने के लिए पाइप गांव में भिजवाए गए थे। लेकिन ग्रामीणों ने उन पाइपों को लगाने से मना कर दिया। अब ग्राम सचिव को दूसरे पाइप लगाने के लिए बोल दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।