यमुनानगर। यमुनानगर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता इस बार कांग्रेस को अपना आशीर्वाद देने जा रही है। उन्होंने कहा कि लाठी-गोली नहीं बल्कि एमएसपी की गारंटी के नाम पर, रिकॉर्ड तोड़ बेरोजगारी नहीं बल्कि 32 लाख सरकारी नौकरियों के नाम पर, युद्ध क्षेत्र इजराइल में मजदूरी करने के लिए नहीं, बल्कि एक लाख रुपये की सालाना अप्रेंटिसशिप गारंटी के नाम पर इस बार हरियाणा की जनता वोट देने जा रही है।
हुड्डा बुधवार को यमुनानगर में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता के सामने इस बार चयन बहुत स्पष्ट है। एक तरफ विकास व कल्याण कल्याणकारी योजनाओं के नाम पर कांग्रेस वोट मांग रही है तो दूसरी तरफ बिना कोई काम गिनवाए और बिना कोई भविष्य की योजना बताए, बीजेपी वोट मांग रही है।
उत्तरी हरियाणा समेत पूरे प्रदेश में इस बात का रोष है कि बीजेपी सरकार ने बेरोजगारी फैलाकर हमारे युवाओं को देश छोड़ने के लिए मजबूर किया है। युवा यह मानकर बैठा है कि बीजेपी सरकार में देश के भीतर उसका कोई भविष्य नहीं है। इसलिए हर दूसरा युवा डॉन्की के रास्ते या किसी भी तरीके से दूसरे देश में जाना चाहता है।
-
जनसभा के दौरान टेंट में हुए शॉट सर्किट से लगी आग
जिस वक्त कांग्रेस की जनसभा चल रही थी, इसी दौरान मंच से कुछ दूरी पर ही लगे टेंट में शॉट सर्किट से आग लग गई। आग लगने की सूचना के बारे में तुरंत भूपेंद्र हुड्डा के सिक्योरिटी गार्ड ने इस बारे में अवगत कराया। हालांकि आग थोड़ी थी लेकिन इससे कुछ समय के लिए जनसभा के संबोधन को रोक दिया गया। किसी तरह से वहां पहुंचे समर्थकों ने आग पर काबू पाया।