संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। महिला एवं बाल विकास विभाग की शनिवार को छोटाबांस के शिव मंदिर में रादौर ब्लॉक से जुड़े सात सर्कल की के पोषण ट्रैकर एप प्रशिक्षण का आंगनबाड़ी वर्करोें ने बहिष्कार कर दिया। आंगनबाड़ी वर्करों ने नारेबाजी कर भड़ास निकाली।
आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन रादौर की प्रधान सर्वजीत कौर हुड्डा ने कहा कि आंगबवाड़ी वर्कर पोषण ट्रैकर एप्प के जरिए कार्य करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने पहले भी प्रशिक्षण शिविर का विरोध किया था। विरोध संबंधी ज्ञापन जब आंगनबाड़ी वर्करों ने मौके पर मौजूद विभाग की सुपरवाइजर को सौंपना चाहा। उन्होंने ज्ञापन लेने से भी मना कर दिया। उन्होंने कहा की कई आंगनबाड़ी वर्करों को मानसिक दबाव डालकर उन्हें प्रशिक्षण दिया है, लेकिन उनकी सरकार से यही मांग है हि उन्हें पहले की भांति ही रजिस्टर से कार्य करने की अनुमति दी जाएं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ललतेश कांबोज ने कहा कि रादौर के सात सर्कल से जुड़ी आंगबवाड़ी वर्करों को पोषण ट्रैकर एप के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाना था, कुछ आंगनबाड़ी वर्करों ने प्रशिक्षण लेने से मना किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कार्य में पारदर्शिता लाने व कागजी कार्यवाही को कम करने के उद्देश्य से पोषण ट्रैकर एप के जरिए कार्य करने के लिए आंगनबाड़ी वर्करों को प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के विरोध संबंधी रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को सौंप दी जाएगी। इस अवसर पर सर्वजीत कौर हुड्डा, जितेंद्र कौर, मीनाक्षी, सरला देवी, अंजू रानी, सुशीला देवी, निशा रानी, सीमा देवी, नीरू रानी, संतोष कुमारी, सोनिया, सुमन, मीना रानी, ऋतु रानी, नीतु, राजकुमारी, माया, निर्मला आदि मौजूद रहीं।