साढौरा। गांव कल्याणपुर अंटारी के समीप कालाअंब फीडर पर बंद लाइन में अचानक करंट आ जाने से विद्युत कर्मी एएलएम रजनीश कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सीएचसी में दाखिल कराया गया है।
एएलएम रजनीश ट्रांसफार्मर की लाइन में दिक्कत आने की शिकायत पर अपने साथी सुमित के साथ गांव कल्याणपुर अंटारी पहुंचे थे। ट्रांसफार्मर का जंपर काटने के बाद लाइनमैन रजनीश फ्यूज लगाने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े। उन्होंने हाथ में गलब्ज भी डाले हुए थे। अचानक ही बंद लाइन मे करंट आ गया। रजनीश ने जैसे ही तार को छुआ उन्हें करंट लगा और तेज धमाके के साथ बिजली बंद हो गई।
विज्ञापन
साथी सुमित ने तत्काल इसकी सूचना पावर हाउस में पहुंचाई। मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने झुलसे रजनीश को कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। वहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया। बंद लाइन में अचानक करंट कैसे आया इसकी विभाग द्वारा जांच की जा रही हैं।
करंट से झुलसे विद्युतकर्मी रजनीश कुमार को इसी वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर बेस्ट कर्मी के रूप में पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस बारे में जब विभाग के एसडीओ रामकुमार सैनी से बात की गई तो उन्होंने कहा की इस हादसे की जांच की जा रही हैं। किसी भी स्तर पर अगर कोई लापरवाही सामने आती है तो लापरवाह कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।