संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। श्री आदि बद्री स्थल पर 19 से 23 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव मनाया जाएगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। पहली बार ऐसा होगा महोत्सव में पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें राखीगढ़ी, पुणाल, सरस्वती सिंधु सभ्यता के बारे में दिखाया जाएगा।
प्रदर्शनी के माध्यम से यह दिखाया जाएगा हजारों साल पहले किस तरह से सरस्वती नदी इन सभ्यताओं को मिलाती थी। उधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर डीसी प्रीति से महोत्व की तैयारियों को लेकर सरस्वती उद्गम स्थल आदि बद्री का दौरा किया। महोत्सव का शुभारंभ 19 जनवरी को प्रात: 10 बजे होगा और 23 जनवरी को सरस्वती तीर्थ पिहोवा कुरुक्षेत्र में समापन होगा।
डीसी ने बताया कि शुभारंभ के दिन सरस्वती सरोवर पर हवन यज्ञ, श्लोक उच्चारण, आरती होगी। विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सरस्वती पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। स्कूली स्तर के विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि आदिबद्री में सरस्वती सरोवर पर स्वदेशी थीम पर आधारित सरस मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेले में स्वयं सहायता समूह की ओर से लगभग 20 स्टॉल लगाए जाएगे। मुख्यमंत्री की ओर से प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। डीसी ने वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, रास्तों को दुरुस्त करने व साफ-सफाई करने के निर्देश दिए साथ ही कहा की माता मंत्रा देवी व आदिबद्री स्थित मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो ऐसे प्रबंध होने चाहिए।