फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: अव्यवस्था के बीच 7 घंटे देर से शुरू हुई स्पर्धा

Sat, 12 Sep 2026 12:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
बड़ी-बड़ी घास के बीच ​खिलाड़ियों व कोच के लिए की गई बैठने की व्यवस्था। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जगाधरी। तीन दिवसीय 59वीं वार्षिक राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शिक्षा विभाग की अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हो गई। प्रतियोगिता अपने निर्धारित समय से करीब सात घंटे की देरी से दोपहर दो बजे के बाद शुरू हुई। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को सुबह नौ बजे का समय दिया गया था। आठ बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाना था।
शुभारंभ कार्यक्रम जगाधरी के झंडा चौक स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुआ। प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के सभी जिलों से खिलाड़ी वीरवार शाम तक पहुंच गए थे। पास के जिलों के खिलाड़ियों ने निर्धारित समय पर सुबह सात बजे रिपोर्ट की। खिलाड़ियों को कड़ाके की धूप में काफी देर स्कूल के मैदान में बिठाए रखा गया।
विज्ञापन

इस दौरान उनके साथ अभिभावक, शिक्षक व कोच परेशान रहे। कई खिलाड़ी बीच में ही उठ कर प्रतियोगिता स्थल तेजली खेल मैदान पहुंच गए। वहां उन्हें भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि खिलाड़ियों को पीने का पानी तक नहीं मिला। तेजली में खिलाड़ियों, अभिभावकों व कोच का मार्गदर्शन करने के लिए विभाग की ओर से किसी की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी।
इसके अलावा तेजली खेल परिसर में भी खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कोई बंदोबस्त नहीं दिखा। खिलाड़ियों को बड़ी-बड़ी घास के बीच बैठना पड़ा। लॉन टेनिस कोर्ट के बाहर मैदान की घास तक नहीं साफ करवाई गई। प्रतिभागी, कोच, अभिभावकों व शिक्षकों के बैठने के लिए केवल टेंट लगाया गया था। यहां पर बड़ी-बड़ी घास उगी हुई थी।
सहायक शिक्षा अधिकारी खेल डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि वे अकेले सभी व्यवस्थाएं कर रहे हैं। किसी अन्य की ड्यूटी लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं होते हैं तो किसी की ड्यूटी लगा सकते हैं।
न पानी और न शौचालय
तेजली खेल परिसर पहुंचे जींद के मोहन लाल, नीलम ने बताया कि वे सुबह आठ बजे पहुंच गए थे। पीने के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। लॉन टेनिस कोर्ट के बाहर पानी के कैंपर तक नहीं रखवाए गए। मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। रोहतक की अनिका ने बताया कि सुबह से बैठे हैं। पिहोवा की हर्षिता ने बताया कि व्यवस्था न होने के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। काफी भटकने के बाद जिला खेल अधिकारी कार्यालय में लगे कूलर से पानी पीने पहुंचे।
विज्ञापन

अधिकारियों से लिया जाएगा जवाब : प्रेमलता
जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता बक्शी ने बताया कि खेल के लिए विभाग की ओर से सभी व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए स्कूल में बिस्तर लगाए गए हैं। तीन स्थानों पर इसकी व्यवस्था है। तेजली खेल परिसर में पानी की व्यवस्था के लिए कैंपर की व्यवस्था करवा दी गई है। सुबह शुभारंभ कार्यक्रम के कारण खिलाड़ी पहुंचे नहीं थे, इसलिए कैंपर नहीं रखवाए गए थे। वे शनिवार को निरीक्षण करेंगी, जो भी कमियां होंगी दूर की जाएगी। अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा।

बड़ी-बड़ी घास के बीच खिलाड़ियों व कोच के लिए की गई बैठने की व्यवस्था। संवाद

बड़ी-बड़ी घास के बीच खिलाड़ियों व कोच के लिए की गई बैठने की व्यवस्था। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें