यमुनानगर। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) अंबाला यूनिट ने जिले में एक कारोबारी की हत्या की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। थाना छप्पर क्षेत्र में संगम ढाबा के पास नाकेबंदी कर पुलिस ने कार में सवार चार युवकों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो पिस्टल, एक मैगजीन और 19 कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार शूटरों की पहचान विशाल कॉलोनी यमुनानगर निवासी राहुल, फतेहगढ़ निवासी विशाल सैनी, खुर्दबन निवासी विनोद और शुभम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कुख्यात नोनी राणा के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कुख्यात नोनी राणा गैंग से जुड़े चार शूटर दोसड़का की ओर से यमुनानगर की तरफ आ रहे हैं। इन युवकों को शहर के एक कार सेल-परचेज डीलर की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने थाना छप्पर क्षेत्र में संगम ढाबा के पास नाकेबंदी कर दी और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद जैसे ही आई-20 कार मौके पर पहुंची तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। इस दौरान कार सवार युवकों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उन्हें मौके पर ही घेरकर काबू कर लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपियों की कार से दो पिस्टल, मैगजीन और 19 कारतूस बरामद हुए। एसटीएफ के पीएसआई सौरव रावत ने बताया कि चारों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद इस पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है। संवाद
अब तक जिले में हुए नोनीराणा के गैंग से जुड़े अपराध
- गांव खेड़ी लक्खा सिंह में 26 दिसंबर को जिन तीन युवकों को गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। उनके साथी शराब कारोबारी गोलनी निवासी रिंकू राणा से छह अप्रैल को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आरोप विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर नोनी राणा पर लगे। रंगदारी ने देने पर नौ अप्रैल को हरनौल स्थित रिंकू राणा के शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
- कालिंदी कॉलोनी में छह फरवरी को सनमाइका कारोबारी हिमांशु विज के घर हुई फायरिंग से पहले विदेश में बैठे कुख्यात नोनी राणा ने विदेशी नंबर से फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
- 28 मई को हिंदुस्तान मोटर्स के कारोबारी से विदेशी नंबर से संदेश भेजकर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।
-13 जून को साढौरा के मार्बल कारोबारी के शोरूम पर फायरिंग करने के साथ पर्ची देकर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी।
- 14-15 जुलाई की रात सरोजनी कॉलोनी व हरबंसपुरा में व्यापारियों के घरों पर फायरिंग कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोपी नोनी राणा पर लगे।