अस्पताल में भर्ती स्कूल शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर को सोमवार छुट्टी दे दी गई। इससे पहले उनके विभिन्न टेस्ट किए गए। सभी टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आने पर सोमवार सुबह उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया। वहीं घर पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे। मंत्री के कुशल होने पर सभी ने उनका स्वागत किया और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि चिकित्सकों ने उन्हें तीन दिन विश्राम करने की सलाह दी है। वे चिकित्सकों के परामर्श पर अमल करेंगे और घर पर रहेंगे। इसके बाद वे फिर से लोगों के बीच पहुंचेंगे। बता दें कि रविवार को संकल्प यात्रा कार्यक्रम के दौरान मंत्री कंवरपाल की तबीयत बिगड़ गई थी। जिन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। सोमवार को उनके टेस्ट की सभी रिपोर्ट सामान्य आने पर उन्हें घर भेज दिया गया। घर पहुंचने पर मंत्री कंवरपाल ने कार्यकर्ताओं, जनता, समर्थकों, प्रशंसकों व सहयोगियों का धन्यवाद दिया। मंत्री ने कहा कि वे जल्द ही लोगों के बीच पहुंचेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।